शिमला : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार सायं आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जनता टीवी हिन्दी न्यूज चैनल के हिमाचल संस्करण का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है और प्रदेश सरकार मीडिया को सुदृढ़ करने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज मीडिया का महत्व और अधिक बढ़ गया है और मीडिया सभी सामाजिक मुद्दों को उठाने के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का भी मार्गदर्शन करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए वचनबद्ध है और विश्वास जताया कि चैनल सरकार की कल्याणकारी नीतियों व उपलब्धियों को प्रदर्शित करने को प्राथमिकता देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में कार्यरत चैनल राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए मंच उपलब्ध करवाएंगे। मुख्यमंत्री ने चैनल के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
मुख्य संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने स्वागत सम्बोधन में कहा कि जनता न्यूज चैनल प्रदेश के सभी महत्वपूर्ण मामलों को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ उठाएगा।
ये भी रहे उपस्थित
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशी राम बालनाहटा, शिमला नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, राज्यपाल के मीडिया सलाहकार शशिकांत शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रोहित सावल, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रेसकॉन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
चैनल के सीईओ दीपक अरोड़ा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।