हिमाचल न्यूज़
शिमला : कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने नाराज होकर पार्टी छोड़कर गए नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए ‘आ अब लौट चलें’ नारा दिया है। शिमला के राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जो नाराज़ कार्यकर्ता या नेता बिना शर्त पार्टी मे लौटते हैं तो उनका दिल से स्वागत है। उन्होने कहा कि जिन नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ा या काम किया है, उनकी घर वापसी पार्टी की अनुशासन समिति 10 फरवरी की बैठक मे समीक्षा करेगी।
पार्टी को प्रगतिशील और क्रियाशील बनाऊंगा
उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए समय कम है। मैं जो करना चाहता हूं शायद न कर पाऊं लेकिन पार्टी को प्रगतिशील और क्रियाशील जरूर बनाऊंगा। कार्यकर्ताओं में जोश है। पार्टी की गतिविधियों और बैठकों पर नज़र रखूंगा। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को पार्टी पदों से नवाजा जाएगा।
प्रदेश के दबे कुचले लोगों की आवाज़ बनेगी कांग्रेस
उन्होंने कहा कि गत 30 जनवरी को उन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। राठौर ने बताया कि राहुल गांधी ने उन्होंने निर्देश दिया है कि सबको साथ ले कर चलना है। वरिष्ठ नेताओं को सम्मान देना है और कार्यकर्ताओं को न्याय देना है। कुलदीप राठौर ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि कांग्रेस को समाज के कमजोर वर्ग की आवाज़ को उठाना है। प्रदेश में दबे कुचले लोगों की आवाज़ बनना है।
कम हुआ विरोधाभास
उन्होंने कहा कि उनके पदभार संभालने के बाद प्रदेश कांग्रेस में विरोधाभास थोड़ा कम हुआ है। वहीं आने वाले समय में अतीत की स्मृतियों की पुनरावृत्ति नहीं होगी। उन्होने कहा कि अपना पद संभालने के बाद उन्होंने तीन संसदीय क्षेत्रों का दौरा किया है और कार्यकर्ताओं का उत्साह काबिलेतारिफ है। कांग्रेस का उज्ज्वल भविष्य देखता हूं। भाजपा के खिलाफ जंग ए ऐलान किया जा चुका है।
भाजपा को विधानसभा के अंदर भी घेरेंगे और बाहर भी
उन्होंने कहा कि 4 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र से पहले 3 फरवरी को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में वह खुद और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी उपस्थित रहेंगी। बैठक में पार्टी की गतिविधियों पर भी चर्चा होगी। पार्टी के फ्रंटल संगठनों-विभागों की बैठक भी 3 फरवरी को सुबह 11 बजे बुलाई गई है। चुनाव समिति की बैठक 3 फरवरी को दोपहर बाद 4 बजे बुलाई है। उन्होने कहा कि कांग्रेस भाजपा को विधानसभा के अंदर भी घेरेगी और बाहर भी।