हिमाचल न्यूज : कुल्लू
शिक्षा व भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है जो व्यक्ति के लिए विकास के अनेक द्वार खोलती है। शिक्षित व्यक्ति जीवन में आने वाली हर चुनौती को सहज ही पार पाने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित बनाना राज्य का काम है और वह इस जिम्मेवारी का बखूबी निर्वहन करेंगे।
गोविंद ठाकुर ने उन्हें शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण और बड़े विभाग की जिम्मेवारी सौंपने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति लाई है और वह इसे राज्य में अक्षरशः लागू करने के पूरे प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का परिक्षेत्र विशाल है और इसमें बहुत कुछ करने की संभावना निरंतर बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान सरकार के अढ़ाई साल उपलब्धियों भरे रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अपार विकास किया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक नए फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शिक्षा को नई उंचाईयां प्रदान करने की दिशा में कार्य किया है और वह इसे आगे बढ़ाने में कोई कोर-कसर नहीं छोडे़ंगे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 के संकट के चलते शिक्षण का कार्य चुनौतिपूर्ण अवश्य है, लेकिन यह दौर भी गुजर जाएगा और शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी मिलकर शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को नये आयाम देने में कामयाब होंगे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कला एवं संस्कृति लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। लोग पुरानी परंपराओं, रीति-रिवाजों और मूल्यों को आज भी महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृति के क्षेत्र में कुल्लू जिला की अलग पहचान है और वह इसे और मजबूती प्रदान करने के लिए कार्य करेंगे।
Posted By :Himachal News