हिमाचल न्यूज : मुंबई।
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कोरोना वायरस संक्रमित होने से वे लगभग दो सप्ताह तक नानावती अस्पताल में भर्ती रहे हैं। घर पहुंचने के बाद बिग बी ने अपने स्वस्थ हो कर घर वापस आने की जानकारी ट्विटर पर दी है।
अमिताभ बच्चन ने लिखा है “कोविड जांच के बाद छुट्टी दे दी गई है और वह सेल्फ आईसोलेशन में घर वापस आ गए हैं। भगवान की कृपा व मां-बाबूजी के आशीर्वाद और चाहने वालों के प्यार से यह सब संभव हुआ है।” इसके लिए उन्होंने अपने प्रशंसकों व नानावती अस्पताल के स्टाफ का धन्यवाद किया है।
इससे पहले अभिषेक बच्चन ने भी ट्वीट पर जानकारी दी की “मेरे पिता की ताजा कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद उन्हें अस्पताल से डिसचार्ज कर दिया गया है। अब वह घर पर ही आराम कर रहे हैं। आपकी दुआओं के लिए शुक्रिया।”
अभिषेक ने अपने स्वास्थय के बारे में जानकारी देते हुए लिखा कि मैं, “दुर्भाग्यवश कोविड-19 पॉजिटिव बना हुआ हूं और अस्पताल में ही हूं। आप सभी को मेरे परिवार के लिए की गई प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। इसके लिए मैं अभिभूत होने के साथ आप सभी का आभारी हूं। मैं इसे हरा दूंगा और स्वस्थ होकर लौटूंगा! वादा।”
बता दें कि पिछले कई दिनों से अमिताभ बच्चन मुंबई के नानावटी अस्पताल में कोरोना से जंग लड़ रहे थे। उनके बेटे अभिषेक, बहू ऐश्वर्या राय और पोती अराध्या भी इस वायरस की चपेट में आ गए थे। लेकिन कुछ दिन पहले ही ऐश्वर्या और अराध्या को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अब अमिताभ बच्चन का भी कोरोना को मात देना ना सिर्फ उनके परिवार के लिए बड़ी खुशखबरी है, बल्कि हर उस फैन के लिए सुकून की बात जिसने लगातार एक्टर के लिए दुआ मांगी थी।
अब अमिताभ बच्चन ने कोरोना से लंबी जंग जरूर लड़ी है लेकिन उन्होंने हार एक बार भी नहीं मानी। सोशल मीडिया के जरिए अमिताभ ने लगातार ना सिर्फ अपने फैन्स का मनोबल बढ़ाया बल्कि खुद को भी सकारात्मक रखा।
Posted By :Himachal News