हिमाचल न्यूज़ : धर्मशाला
कांगड़ा जिला के जसवां परागपुर विधानसभा के अन्तर्गत बगली में देहरा भाजपा संगठनात्मक जिला के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार के मिशन रिपीट को सुनिश्चित बनाने के लिए सरकार व संगठन के बीच बेहतर ताल-मेल आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि कोरोना महामारी के कारण प्रदेश में विकास की गति बाधित न हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विभिन्न विभागों में बिना खर्च की गई धनराशि को चिन्हित करें ताकि इसका उपयोग विकासात्मक कार्यों के लिए किया जा सके। सरकार विकास कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है ताकि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार के उपायों और प्रयासों को प्रधानमंत्री ने भी सराहा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठित होकर कार्य करें क्योंकि चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में बस किरायों में वृद्धि पर विपक्ष काफी शोर-शराबा कर रहा है, लेकिन विपक्ष को यह मालूम होना चाहिए कि कोविड-19 महामारी के कारण प्रदेश को 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस संकट का सामना करने में सरकार को मजबूरी में बस किराए में वृद्धि के निर्णय का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने हैरानी जताई कि विपक्ष के नेता कोरोना महामारी का भी राजनीतिकरण कर रहे हैं, लेकिन इसका उन्हें कोई लाभ नहीं होने वाला।
प्रदेश भाजपा के संगठन सचिव पवन राणा ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पूर्व ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ और ‘पन्ना प्रमुख’ कार्यक्रमों को शुरू किया गया था। इसके परिणामस्वरूप भाजपा ने देश में 69 प्रतिशत मत के हिस्से के साथ अभूतपूर्व विजय हासिल की। इसके अतिरिक्त भाजपा ने ‘एक बूथ, दस युवा’ कार्यक्रम भी आरम्भ किया, जिससे पार्टी बूथ स्तर पर मजबूत हुई। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि प्रदेश सरकार की विकासात्मक एवं कल्याण योजनाओं के प्रचार एवं प्रसार के लिए सोशन मीडिया का अधिकांश प्रयोग करें।
Posted By :Himachal News