हिमाचल न्यूज़ । क्या बदला जाएगा हिमाचल का मुख्यमंत्री? राजनीतिक गलियारों में पिछले 24 घंटों से यही सुगबुगाहट हो रही हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के इस्तीफा देने के बाद हिमाचल में भी ऐसी hही चर्चाओं का बाजार गर्म है। दरअसल हिमाचल प्रदेश प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है। जिससे हिमाचल के राजनीतिक गलियारों में इस तरह चर्चाएं शुरू हो गई हैं, क्योंकि रविवार को ही मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटे थे।
इससे पहले आठ सितंबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और संगठन के पदाधिकारियों को दिल्ली बुलाकर प्रदेश की राजनीति का फीडबैक लेना है। अगले साल हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। सूबे में भाजपा मिशन रिपीट चाहती है। वहीं, हिमाचल में इसी साल चार उप चुनाव होने हैं। इसमें फतेहपुर, अर्की, जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा का चुनाव और मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद का चुनाव होना है। इन उपचुनावों को जीतना भी सरकार के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है।
इन चुनावों में जेपी नड्डा की साख दांव पर है, क्योंकि वह खुद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और हिमाचल उनका गृह राज्य है। ऐसे में राज्य में पार्टी की हार और जीत से सीधे तौर पर उनकी प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है।
पिछली बार जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली गए थे तो वहां भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। ऐसे में अब उन्हें एकाएक ही दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली में भाजपा हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा पदाधिकारियों की आज शाम बैठक होगी।
दरअसल दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की बैठक है। इसमें देशभर से पार्टी के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। इस बैठक में हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी पहुंचेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बैठक में भाग लेने की बजाय सीधे नड्डा से ही मिलेंगे।
इसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संजय टंडन, संगठन मंत्री पवन राणा और हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप मौजूद रहेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और आने वाले उपचुनाव को लेकर भी चर्चा होगी।
Posted By : Himachal News