हिमाचल न्यूज़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा का एक ही सिद्धांत है कि किसी भी हालत में सत्ता में रहना और सत्ता में रहकर लोगों को भूल जाना और उद्योगपतियों को विकसित करना। ऊना जिले के हरोली के कांगड़ मैदान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सिर्फ बातें हैं, हिमाचल को आगे बढ़ने की कोई बात नहीं। उन्होंने लोगों से पूछा कि रोजगार देने वाली सरकार चाहिए या या रोजगार छीनने वाली सरकार चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन कोई ज़िक्र तक नहीं है। भाजपा नेताओं ने सिर्फ अपनी तरक्की की। इनके सत्ता में आने में अहंकार बहुत बढ़ता है। अगर बदलाव नहीं लाओगे तो अगले पांच साल में उससे भी बुरा भुगतोगे।
प्रियंका गांधी के कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार व वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की तरक्की के लिए दिन रात काम किया। हम आपके लिए काम करके दिखाना चाहते हैं। पहली कैबिनेट में 1 लाख नौकरियों की मंजूरी देंगे। हर विधानसभा में चार अंग्रेजी स्कूल खोले जाएंगे। पांच साल में पांच लाख रोजगार देने की पूरी कोशिश करेंगे। हर घर लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाएंगे। ऊना को अध्यात्मिक पर्यटन के तौर पर विकसित करेंगे।
कांग्रेस की महासचिव ने कहा कि कांग्रेस की छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने 3 साल में 5 लाख नौकरियां दीं। राजस्थान में 1.3 लाख नौकरियां दीं। हिमाचल में 63 हजार पद खाली हैं। युवा चिंतित हैं, वे शिक्षित हैं, मेहनती हैं और नौकरी चाहते हैं। यहां के युवा बेरोजगारी से परेशान हो गए हैं। वो नौकरी चाहते हैं मगर उनको ड्रग्स मिल रहा है। यहां नशा फैलाया जा रहा मगर रोजगार नहीं दिया जा रहा है। यहां 30 लाख युवाओं की आबादी है और 15 लाख बेरोजगार हैं।
Posted By : Himachal News