हिमाचल न्यूज़ | ऊना जिला के उपमंडल अंब में एक भीषण अग्निकांड में 4 बच्चे जिंदा जले। घटना बुधवार देर रात की है। मृतक बच्चे बिहार के गांव नंदा पुरी जिला दरभंगा के निवासी हैं।
जानकारी के मुताबिक अंब में बुधवार देर रात को बिहार के निवासी भदेश्वर दास और रमेश दास की झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 4 बच्चे जिन्दा जल गए। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फ़ैल गई कि आसपास के लोगों को बच्चों को बचाने का मौका ही नहीं मिल पाया।
मृतकों में रमेश दास की झोपड़ी में सो रहे उसके तीन बच्चे नीतू (14), गोलू कुमार (7), शिवम कुमार (6) और उनके रिश्तेदार कालिदास का बेटा सोनू कुमार (17) शामिल हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग को फैलने से बचाया।
एसएचओ आशीष पठानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बच्चों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में चार बच्चों की मृत्यु अत्यन्त दुःखद घटना है। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उप-मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवदेना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
Posted By : Himachal News